Breaking News

उत्तराखंड से कोर्ट पेशी के लिए दिल्ली गए थे दो युवक, आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर मिले शव

हल्द्वानी: दिल्ली में कोर्ट की पेशी के लिए गए हल्द्वानी निवासी युवक और उसके दोस्त की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव दिल्ली के आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग दिनों में मिलने से सनसनी फैल गई है। मामले की जांच दिल्ली पुलिस द्वारा की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बीते पांच जनवरी को हल्द्वानी निवासी 30 वर्षीय रवि गुप्ता का शव आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान होने के बाद दिल्ली पुलिस ने हल्द्वानी पुलिस से संपर्क साधा। घटना के अगले दिन यानी छह जनवरी को उसी स्थान से करीब 200 मीटर की दूरी पर रवि गुप्ता के दोस्त 25 वर्षीय गोलू शर्मा का शव भी रेलवे ट्रैक पर मिला। दोनों युवकों के शव एक ही इलाके में मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
पत्नी से विवाद के चलते चल रहा था कोर्ट केस

रवि गुप्ता हल्द्वानी के वैलेजली लॉज, गली नंबर-2, शिव मंदिर क्षेत्र का निवासी था और एक फाइनेंसियल कंपनी में कार्यरत था। उसकी पत्नी, जो दिल्ली के मंडावली क्षेत्र की निवासी है, से उसका विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते कोर्ट में मामला विचाराधीन था। चार जनवरी को रवि गुप्ता अपने आठ वर्षीय बेटे और दोस्त गोलू शर्मा के साथ दिल्ली रवाना हुआ था। पांच जनवरी को उसकी कोर्ट में पेशी हुई थी, जिसके बाद उसकी मौत की सूचना सामने आई।
मृतक के शरीर पर मिले मारपीट के निशान

परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रवि गुप्ता के शव पर मारपीट के निशान पाए गए हैं। इससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सात जनवरी को भोटियापड़ाव चौकी के माध्यम से परिजनों को रवि गुप्ता की मौत की सूचना दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव हल्द्वानी लाया गया, जहां देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। स्थानीय पार्षद धर्मवीर डेविड ने बताया कि रवि गुप्ता के दोस्त गोलू शर्मा का शव लेने के लिए उसके परिजन दिल्ली गए हुए हैं। दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Check Also

उप निरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा को ‘केन्द्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक–2026’

उत्तराखण्ड पुलिस के उप निरीक्षक श्री लोकेन्द्र बहुगुणा, सीआईडी देहरादून को अन्वेषण के क्षेत्र में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *