Breaking News

आज इन 3 जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार, मैदानों में कोहरा छाने का अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम की बेरुखी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कुछ मैदानी जनपदों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना भी जताई है।

उत्तराखंड में काफी समय से मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है, जिस कारण लोग सूखी ठंड से परेशान हो रहे हैं। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में शीतलहर चलने के कारण सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दूसरी ओर, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ रही है। घने कोहरे के चलते रेल, हवाई और रोडवेज सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है। बीते सोमवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिन के समय कोहरे से राहत मिली लेकिन शीत लहरों से ठंड ने परेशान किया। जिस कारण देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री इजाफे के साथ 20.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, पर्वतीय इलाकों में शीतलहर चलने से तापमान में गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज मंगलवार को हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में कोहरा छाए रहने से शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है।
मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज मंगलवार 6 जनवरी को उत्तराखंड के तीन पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। मौसम विभाग ने प्रदेश के बाकी पर्वतीय जिलों में पाला पड़ने और मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने को लेकर आज भी अलर्ट जारी किया है। देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने और पाला पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस कारण प्रदेश भर में आज शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान की मानें तो आगामी 11 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Check Also

उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना, वकील ने डिप्रेशन में खुद को गोली से उड़ाया; कार में मिला सुसाइड नोट

नैनीताल: उत्तराखंड के Nainital में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कलेक्ट्रेट पार्किंग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *