Breaking News

शॉर्टकट के चक्कर में रात्रि के घने अंधेरे एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में फंसे चार यात्रियों को SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग से SDRF पोस्ट लिनचोली को सूचना प्राप्त हुई कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर चार युवक यात्री शॉर्टकट के चक्कर में मुख्य मार्ग से भटककर नदी के दूसरे किनारे फंस गए हैं। सुनसान एवं अंधेरे क्षेत्र में फंसे यात्री सहायता के लिए गुहार लगा रहे थे तथा अत्यधिक भयभीत थे।

सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट लिनचोली की टीम हेड कांस्टेबल भारत सिंह एवं हेड कांस्टेबल मोहन सिंह के संयुक्त नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों सहित तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से यात्रियों से संपर्क स्थापित कर उनकी संभावित लोकेशन प्राप्त की गई तथा उन्हें धैर्य बनाए रखने का आश्वासन दिया गया।

घने अंधेरे, सघन झाड़ियों एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र जैसी विषम परिस्थितियों के बावजूद SDRF टीम ने विशेष आपदा प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता एवं अदम्य साहस का परिचय देते हुए रात्रिकालीन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी चारों यात्रियों को सुरक्षित खोजकर मुख्य पैदल मार्ग तक पहुंचाया गया।

रात्रि अधिक होने एवं आगे का मार्ग जोखिमपूर्ण होने के कारण यात्रियों को लिनचोली में ही सुरक्षित रात्रि विश्राम हेतु रुकवाया गया। सभी यात्री पूर्णतः सुरक्षित हैं तथा किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है।

रेस्क्यू किए गए यात्रियों में साहिल कुमार (20 वर्ष), सुजीत कुमार (18 वर्ष) एवं हिमांशु (24 वर्ष) निवासी वैशाली, बिहार तथा रूपेश (17 वर्ष) निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

Check Also

स्वतंत्रता दिवस में राज्य एवं जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं हों आयोजित……….मुख्य सचिव

मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *