Breaking News

उत्तराखंड: असली की जगह फेक छात्र दे रहे थे बोर्ड एग्जाम, फर्जीवाड़े का सरगना प्रिंसिपल गिरफ्तार

हरिद्वार: उत्तराखंड बोर्ड की कक्षा 10 की परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थियों को बैठाने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में ज्वालापुर स्थित अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल के प्रिंसिपल चंगेज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है।

गौरतलब हो कि बीते 24 फरवरी को उत्तराखंड बोर्ड की कक्षा 10 की हिंदी परीक्षा के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर में चार छात्र और चार छात्राएं संदिग्ध पाए गए थे। जांच में सामने आया कि परीक्षा दे रहे ये सभी छात्र वास्तविक परीक्षार्थी नहीं थे, बल्कि किसी और की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे।

8 से 12 हजार रुपये में पास कराने का सौदा

रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा के अनुसार, आरोपी प्रिंसिपल ने 8 से 12 हजार रुपये लेकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराए। असली छात्रों की जगह दूसरे लोगों को बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही थी। यह पूरा खेल संगठित तरीके से चल रहा था।

व्हाट्सऐप ग्रुप से चल रहा था नेटवर्क

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 40 वर्षीय चंगेज अंसारी ‘द सक्सेज प्वॉइंट’ नामक व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए कोचिंग चला रहा था। आरोप है कि उसने एक छात्रा के परिजनों से बोर्ड परीक्षा पास कराने के लिए रुपये लिए और दूसरी छात्रा की फोटो लगाकर फर्जी प्रवेश पत्र बनवाया।

सात गिरफ्तार, एक फरार

मामले में पहले ही सात आरोपियों को हिरासत में लेकर फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। अब मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

कोर्ट में पेश, जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।

Check Also

लगभग ढाई लाख रू० मूल्य की 8.09 ग्राम स्मैक हुई बरामद

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत सभी अधीनस्थों को अपने-अपने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *