Breaking News

देहरादून में नकली शादी की पार्टी, दूल्हा न दूल्हन बाराती करेंगे मौज.. पुलिस ने दी चेतावनी

देहरादून: देहरादून में आयोजित होने वाली “फर्जी शादी” पार्टी का निमंत्रण वायरल होने के बाद विवाद उत्पन्न हो गया है। जहां एक पक्ष इसे मनोरंजन और आधुनिक ट्रेंड बता रहा है, तो दूसरा पक्ष इसे संस्कृति का उपहास मान रहा है। पुलिस ने आयोजकों को चेतावनी दी है कि यदि भावनाएं आहत होती हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, राजधानी देहरादून में आयोजित होने वाली एक अनोखी शादी की पार्टी ने विवाद खड़ा कर दिया है। यहां एक व्यापारिक प्रतिष्ठान आगामी 6 सितंबर को “फर्जी शादी” का आयोजन करने जा रहा है, इस शादी में दूल्हा और दुल्हन नहीं होंगे, बल्कि सिर्फ बाराती मौज-मस्ती करेंगे। इस अनोखी शादी का निमंत्रण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे शहर में हलचल मच गई है और कई संगठनों ने इसे भारतीय संस्कृति का मजाक बताते हुए विरोध शुरू कर दिया है।
ड्रेस कोड भारतीय परिधान

सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस निमंत्रण पत्र को अंग्रेजी में लिखा गया है और, इस कार्यक्रम को “सबसे मजेदार नकली शादी” बताया गया है। इस कार्ड में मेहमानों को आमंत्रित करते हुए कहा गया है कि यह “सबसे पागलपंती वाली शादी” होगी। यहां दूल्हा-दुल्हन नहीं होंगे, सिर्फ बाराती धमाल मचाने आएंगे। कार्यक्रम में भारतीय परिधान ड्रेस कोड भी रखा गया है – जिसमें युवक कुर्ता पहनेंगे और युवतियां भारतीय परिधान के साथ मेहंदी लगा कर शामिल होंगी।
हिंदू रीति-रिवाजों का मजाक

प्रदेश के हिंदूवादी संगठनों ने इस आयोजन के खिलाफ कड़ा विरोध व्यक्त किया है। उनका कहना है कि “यह देवभूमि है। यहां दूर-दूर से लोग विवाह करने और मंदिरों में आशीर्वाद लेने आते हैं। इस प्रकार के आयोजनों से देवभूमि की छवि को खराब होती है और ये कार्यक्रम हिंदू रीति-रिवाजों का मजाक बनाते हैं। विवाह भारतीय परंपरा में एक संस्कार है, और इसका मजाक किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। यदि आयोजक कार्यक्रम को बंद नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त प्रदर्शन किया जाएगा। मामले के बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस भी सतर्क हो गई है।
एसएसपी ने पार्टी आयोजकों को दी चेतावनी

देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि इस आयोजन से संबंधित सभी जानकारी मांगी गई है। आयोजकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि कार्यक्रम से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, तो कार्रवाई की जाएगी और आयोजन को रुकवाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस प्रकार की “फर्जी शादी पार्टियां” पहले गोवा, गुरुग्राम, दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में होती रही हैं। अब यह ट्रेंड धीरे-धीरे देहरादून तक पहुंच गया है। इस फर्जी शादी की पार्टी को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी बहस छिड़ गई है। एक पक्ष इसे मनोरंजन और आधुनिक ट्रेंड मान रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे संस्कृति का मजाक मान रहा है।

Check Also

उत्तराखंड आपदा-प्रभावितों को PM मोदी का 1200 करोड़ का पैकेज, मृतकों के परिजनों को विशेष मदद

देहरादून: आपदा प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वेक्षण एवं राहत, बचाव व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *